महोबा : प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
महोबा।बुंदेलखंड के महोबा में आगामी 27 नवंबर को प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू महोबा पहुंचे। जहां उनके द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली को सफल बनाने व व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बुंदेलखंड का महोबा 2022 के विधानसभा चुनाव में सभी दलों को लुभा रहा है, बुंदेलखंड की 19 सीटों को पाने के लिए सत्ता पक्ष विपक्ष सभी बेचैन है। पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महोबा में आकर अर्जुन सहायक परियोजना का लोकार्पण किया और परिवारवाद की पार्टियों पर निशाना साधा था तो अब प्रियंका गांधी भी आगामी 27 नवंबर को महोबा के छत्रसाल स्टेडियम में आ रही है। कांग्रेसियों का दावा है कि इस प्रतिज्ञा रैली में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा से अधिक भीड़ जुटेगी, जिस की जद्दोजहद में कांग्रेसी लगे हुए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू महोबा में अपनी टीम के साथ मौजूद हैं और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दे रहे हैं। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा की गैर कांग्रेसी सरकारों ने बुंदेलखंड को खूब लूटा है, यहां की खनिज संपदा और यहां के वैभव को लूट लिया गया। जबकि पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा इस क्षेत्र का ख्याल रखा गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी सिर्फ घोषणा कर रहे हैं। महोबा में प्रधानमंत्री ने किसी भी किसान परिवार से मुलाकात नहीं की न आत्महत्या करने वाले किसान परिवारों प्रधानमंत्री ने मिलना मुनासिब समझा। प्रियंका गांधी 27 नवंबर को महोबा में प्रतिज्ञा रैली करेंगी। उनकी जो प्रतिज्ञाएं है उनको महोबा में आकर बुंदेलखंड के लोगों के सामने बताया जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
भरत त्रिपाठी, महोबा