खबर

मंत्रियों के विवाद में कूदे अजय सिंह: कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे का ख्याल रखें मंत्री

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्रियों के घमासान में अब पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी कूद पड़े हैं। उन्होंने एक बयान जारी कर सभी मंत्रियों से अपील की है कि वे लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से मिले विश्वास का सम्मान करें और ऐसा कोई आचरण न करें जिनसे उन्हें आघात पहुँचे। अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 15 साल संघर्ष कर के पार्टी के झंडे को ऊँचा रखा। उनकी कड़ी मेहनत से आज हमें प्रदेश की जनता का विश्‍वास मिला है। हमारी बातों, आचरण, व्यवहार से अगर पार्टी कमजोर होती है और हमारा जनाधार कम होता है तो हम सच्चे कांग्रेसजन नहीं हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने मंत्रिमंडल की बैठक में हुए विचार-विमर्श को अतिरंजित कर उसे प्रचारित करने को बेहद दुखद बताया। उन्‍होंने कहा कि निश्चित ही इससे आज कार्यकर्ताओं और जिस जनता ने उन्हें जनादेश दिया है उसे कष्ट पहुँचा है। श्री सिंह ने कहा कि आज पार्टी के सामने गंभीर चुनौतियाँ हैं। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम डटकर उनका सामना करें। कांग्रेस पार्टी ने जो वचन जनता को दिए हैं उन्हें पूरा करने और उनका व्यापक प्रचार करने में समय लगाएं। पार्टी के अंदरूनी विचार-विमर्श मनभेद और मतभेद को अगर हम मीडिया में ले जाएंगें तो इससे पार्टी स्वयं और जिनके नाम से वे जाने जा रहे वे भी कमजोर होते हैं।

श्री सिंह ने कहा कि हम अगर कांग्रेस पार्टी में किसी नेता के साथ हैं तो हमारा उद्देश्य अपने आचरण, व्यवहार और बयान से उसे ताकत देना चाहिए न कि उसे कमजोर करें। पूर्व नेता प्रतिपक्षअजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमल नाथ प्रदेश को विकास की नई ऊँचाईयों पर ले जाने के लिये सुनियोजित रणनीति के साथ काम कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का वचन-पत्र पूरा करने और जनहित के काम को गति देने में लगे हैं। हमारी सबकी कोशिश होना चाहिये कि उनके नेतृत्‍व में एक सच्चे कांग्रेसजन होने के नाते काम करें उन्हें ताकत दें ताकि वे प्रदेश की जनता की इच्छाओं को पूरा कर सकें और विकास के मार्ग से प्रदेश को शीर्ष तक पहुँचा सकें।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button