
भोपाल: मध्यप्रदेश पंचायत चुनाव ऐलान, तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
भोपाल। मध्यप्रदेश पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से निर्वाचन आयोग ने जानकारी देते हुए बताया कि एमपी पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए 13 तारीख को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन किया जाएगा। 20 दिसंबर तक नामांकन जमा होंगे और 23 दिसंबर तक नाम वापसी और प्रत्याशियों को सिंबल का बंटवारा कर दिया जाएगा। पंचायत चुनाव तीन चरणों में होगा। 6 जनवरी को पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण का मतदान 28 जनवरी को होगा और तीसरे चरण का मतदान 16 फरवरी को होगा। वहीं 23 फरवरी को चुनाव नतीजे घोषित हो जाएंगे।
114 ग्राम पंचायतों में मार्च 2022 में होंगे चुनाव: पहले चरण में 9, दूसरे चरण में 7 और तीसरे चरण में 36 जिलों में चुनाव होगा। जिन पंचायतों का कार्यकाल मार्च 2022 में पूरा होगा, वहां तभी पंचायत चुनाव कराए जाएंगे, ऐसी ग्राम पंचायतों की संख्या 114 है। हालांकि इनकी जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव अभी कराया जाएगा। 859 जिला सदस्य, 6727 जनपद सदस्य, 22581 सरपंच के होंगे चुनाव। वहीं 362754 लाख पंच चुने जाएंगे। जिला सदस्य के लिए 8000, जनपद सदस्य के लिए 4000, ग्राम पंचायत सरपंच के लिए 2000 और पंच के लिए 400 रुपये जमानत राशि तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग को आधि राशि जमानत के तौर पर देनी होगी।
मतदानकर्मी किए जाएंगे तैनात: चुनाव आयोग ने बताया कि 71398 मतदान केंद्रों पर चुनाव कराया जाएगा। 4 लाख 25 हजार मतदान कर्मी नियुक्त किए जाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी और 4 मतदानकर्मी नियुक्त होंगे। चुनाव के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र इस्तेमाल किए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतदाता को वोट डालने के लिए कोई एक पहचान पत्र मतदान केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। पंचायत चुनाव में 55 हजार ईवीएम इस्तेमाल की जाएंगी। नामांकन के दौरान प्रत्याशी सिर्फ दो वाहनों को ले जा सकेंगे। ऑनलाइन भी नामांकन किया जा सकता है लेकिन हार्ड कॉपी रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपनी जरूरी होगी। हर जिले में एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा। चुनाव के ऐलान के साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
चुनाव प्रचार होगाा 48 घंटे पहले बंद: प्रथम चरण में 6283 ग्राम पंचायतों और 313 जनपदों में चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए 19998 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। पहले चरण में 9 जिलों दतिया, हरदा, नरसिंहपुर, अलीराजपुर, निवाड़ी, इंदौर, ग्वालियर और भोपाल में चुनाव कराए जाएंगे। दूसरे चरण में 7 जिलों बुरहानपुर, जबलपुर, सिंगरौली, उमरिया, अनूपपुर, श्योपुर, देवास में चुनाव होगा। तीसरे चरण में बाकी पंचायतों में चुनाव होगा। चुनाव आयोग ने चुनाव प्रचार 24 घंटे पहले बंद की समय सीमा को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है।