बुंदेली

सागर पुलिस के हत्थे चढ़ी लुटेरी दुल्हन: शादी के बाद पेपर देने के बहाने गहने लेकर हो जाती थी फुर्र

सागर की गोपालगंज थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने रिमांड लेकर गिरफ्तार मां-बेटी से पूछताछ की। पूछताछ में लुटेरी दुल्हन ने धोखाधड़ी करने की वारदात कबूल की है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम रजवांस निवासी कमल पुत्र दुलीचंद्र जैन ने 24 अप्रैल को गोपालगंज थाने में शिकायत की थी कि वेयर हाउस रोड गोपालगंज निवासी गार्गी पुत्री मनोज शर्मा का विवाह उनके बेटे अविरल जैन के साथ 25 नवंबर 2022 को हुआ था। शादी में करीब 10 लाख रुपए खर्च हुए। शादी के 4 दिन बाद पेपर देने का कहकर बहु गार्गी गोपालगंज अपने मायके वापस आ गई। जहां कुछ दिन रही और इसके बाद भाग गई। वह अपने साथ 1.60 लाख रुपए, मोबाइल, सोने का मंगलसूत्र व अन्य जेवर ले गई। पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

FIR दर्ज हुई तो मां भी सागर से भागी

एफआईआर के कुछ दिन बाद गार्गी की मां रूबी शर्मा भी घर से भाग गई। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। उनकी लोकेशन भोपाल में मिली। जिसके बाद पुलिस टीम भोपाल पहुंची और दोनों को तलाशा। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस वापस लौट आई। इसी बीच जानकारी मिली कि गार्गी और उसकी मां रूबी शर्मा को प्राइवेट बस स्टैंड पर देखा गया है। वह कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल बस स्टैंड पहुंची और बस के इतजार में खड़ी गार्गी और रूबी शर्मा को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
जयपुर में भी की थी शादी, वहां से आ गई थी लुटेरी दुल्हन
अभिरल जैन का विवाह 25 नवंबर 2022 को ग्राम रजवांस में गार्गी शर्मा के साथ सात भांवर, जैन धर्म के अनुसार हुआ था। उक्त विवाह में फरियादी ने दोनों तरफ का करीब 10 लाख रुपए खर्चा उठाया। शादी के 4 दिन बाद लुटेरी दुल्हन गार्गी पेपर देने और पढाई का बहाना बनाकर गोपालगंज उसकी मां के पास आ गई। छोड़ने के लिए फरियादी कमल जैन स्वयं आए। गार्गी अपने साथ सोने व चांदी के आभूषण कीमती करीब 7 लाख रुपए और नकद 1.60 लाख रुपए, मोबाइल लेकर आई। इसी बीच फरियादी अपने बेटे के साथ बहु को लेने सागर आए तो गार्गी की मां ने परीक्षा हो जाने का बोलकर भेजने से मना कर दिया।

कुछ दिनों बाद गार्गी की मां को फोन लगाकर गार्गी के संबंध में पूछा तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। जिसके बाद फरियादी सागर पहुंचे और उसकी मां से बहु के संबंध में पूछा। जिस पर मां ने बेटी के संबंध में जानकारी होने से मना कर दिया। संदेह होने पर फरियादी ने जानकारी निकाली तो पता चला कि गार्गी की इससे पहले जयपुर में एक शादी हो चुकी थी। जिसके दस्तावेज भी मिले है। जिसके बाद गोपालगंज थाने पहुंचकर फरियादी ने शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button